गुरुवार, 11 जुलाई 2019

आम्रपाली

वह मैं ही थी
जिसे तुम आम्रपाली समझ बैठे थे
मेरे नृत्य पर थे तुम मुग्ध
पर तुम्हे नही पता होगा
एक राजनर्तकी की पीड़ा

वह मैं ही थी किले की ओट में खडी
जब किला ही ढह गया था
उसके बुर्ज से डरावनी चीखें निकलती थी

वह मैं ही थी इतिहास की किताब से बाहर निकल कर
एक गली की नुक्कड़ पर
फब्तियां कसी जा रही थी
गिद्ध दृष्टि मेरे वक्ष पर ठहर जाती थी
कटी प्रदेश पर निगाहें टिकी हुई

वह मैं ही थी
जिसे तुमने ध्रुव स्वामिनी मान लिया था
एक समय से निकल कर  
दूसरे समय में जा पहुँची थी जरुर
पर थी एक शरीर
प्यासी थी मन से
बार बार तड़प कर रह जाती थी
कांच घर के भीतर

वह मैं ही थी
एक नाव पर सवार हिचकोले खाती हुई
प्रत्यक्ष दर्शी थी
एक घडियाल ने खींच लिए थे अपने जबड़े में मेर हाथ
बच गयी तो समुद्र ने झे लील लिया था

वह मैं ई थी
जो बार आर जी उठती हूं
इतने अपमान और अन्याय दमन के बाद
दौड़ी चली आती हूँ
तुम्हारे सीने से चिपकने के लिए
जबकि तूफ़ान मुझे हर बार रेत पर पटक देता है
वह मैं ही थी जिसे तुम हर बार समझने की भूल करते हो
क्योंकि तुमने मुझे ठीक से पढ़ा नही आजतक ।

तालियां

सड़क पर चलते हुए एक बच्चा गिर गया
तो उन्होंने हंसते हुए तालियाँ बजाई

दंगे में किसी का घर चला
तो उन्होंने सबसे पहले तस्वीरें खींची
फिर तालियाँ बजाई

वे बैठे रहे बरामदे में
यह इंतज़ार करते हुए
कि किसी की हत्या हो
और वे जोर दार तालिया बजाएं
एक स्त्री का बलात्कार हो
और वे अपराधियों के पक्ष में तालियाँ
बजाएं

अब सभागार में उन्होंने तालियाँ बजाने का एक विश्व कीर्तिमान बनाया है .
फिर महामहिम आये
बोले -- आप लोग इसी तरह तालियाँ बजाते रहें
इस से हमारा लोकतंत्र मजबूत होता है
फिर क्या तालियों की गडगडाहट से गूंज उठा आसमान

अगले दिन अ खबार में मुख पृष्ठ पर खबर थी
सत्तर साल में नही बजी थी इस तरह देश के इतिहास में तालियाँ.!

कागज पर बारिश

कागज़ पर बारिश लिखने से
बारिश नही आती है

तितलियाँ कहाँ आती हैं
बगीचे में उनके नाम लिखने से
तुम्हारा नाम कितनी बार लिखा डायरी में
पर तुम भी कहाँ आयी ?

पेड़ों को पुकारने से भी पेड़ नही आये मेरे पास
नदियों के चित्र बनाने से भी नदियाँ नही आयीं मेरे करीब

अगर कागज़ पर बादल लिखूं
तो शायद बारिश आ जाये

अगर फूल लिखूं
तो तितलियाँ आ जाएँ

पहाड लिखूं तो शायद नदी आ जाये
बीज लिखूं तो पेड़ आ जाये

आग लिखूं तो धुआं आ जाये
प्यास लिखूं तो शायद कुआँ आ जाये .

पर क्या लिखूं जिन्दगी की सफ़ेद कागज़ पर
कि तुम आ जाओ